Celebrating the Real Spirit of Real India

सात गारंटी, शून्य उपलब्धि: भाजपा का हेमंत सरकार पर बड़ा हमला




राँची: हेमंत सरकार पार्ट–2 की पहली वर्षगांठ पर भाजपा ने आज सरकार के खिलाफ तीखे आरोप लगाते हुए विस्तृत आरोप पत्र जारी किया। प्रदेश भाजपा कार्यालय में यह आरोप पत्र प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, मुख्य सचेतक एवं विधायक नवीन जायसवाल, मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सह–मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह तथा आरोप पत्र समिति के सदस्य रविनाथ किशोर ने संयुक्त रूप से जारी किया।




प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा गठित आरोप पत्र समिति में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी और पूर्व सांसद एवं प्रवक्ता गीता कोड़ा भी शामिल हैं।




“हेमंत सरकार के 6 साल बर्बादी के 6 साल”— मरांडी



आरोप पत्र जारी करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार के छह वर्ष झारखंड की बर्बादी के वर्ष रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान इंडी गठबंधन द्वारा दी गई सात गारंटियों में से एक भी पूरी नहीं हुई। मरांडी ने कहा कि सरकार न सिर्फ इन गारंटियों में विफल रही बल्कि राज्य को कई वर्ष पीछे धकेल दिया।



उन्होंने कहा कि यह “अबुआ सरकार” नहीं बल्कि “ठगों की सरकार” है, जिसने युवाओं, महिलाओं, किसानों, आदिवासियों, पिछड़ों, दलितों, बुजुर्गों, दिव्यांगों और स्कूली बच्चों—सभी को ठगा है। पुलिस जनता की रक्षक नहीं, बल्कि उत्पीड़क बन गई है।



सात गारंटियों पर भाजपा के मुख्य आरोप



1. 1932 खतियान पर आधारित नीतियाँ — “सर्वाधिक बड़ा धोखा”



मरांडी ने कहा कि 1932 खतियान के नाम पर जनता को छह वर्षों से ठगा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की भाषा और संस्कृति का संरक्षण नहीं किया जा रहा, बल्कि चंगाई सभा जैसे अंधविश्वास को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने चंगाई सभाओं पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की।



2. मायेंया सम्मान योजना — “लाखों महिलाओं के साथ धोखा”


मरांडी ने कहा कि वोट लेकर महिलाओं के नाम सूची से काट दिए गए। ग्रामीण महिलाएँ पोर्टल न खुलने से दर–दर भटक रही हैं। आरोप लगाया गया कि सम्मान राशि रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों के खातों में भेजी जा रही है।




3. सामाजिक न्याय — “पूरी तरह फेल”



उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव ओबीसी आरक्षण के बिना कराए गए। निकाय चुनावों में भी कोई प्रगति नहीं। एससी–एसटी आरक्षण पर भी सरकार ने धोखा दिया।



4. खाद्य सुरक्षा — “लूट ही लूट”



भाजपा ने कहा कि 7 किलो अनाज का वादा पूरा नहीं हुआ, उल्टे 5 किलो का भी अनाज लूट लिया गया। मुख्यमंत्री के क्षेत्र पतना में बड़ा खाद्यान्न घोटाला उजागर हुआ।450 रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा भी झूठा साबित हुआ।



5. रोजगार और स्वास्थ्य — “10 लाख नौकरी और 15 लाख बीमा—सब झूठ”



8791 नियुक्ति पत्र बांटकर सरकार उपलब्धि बता रही है, जबकि छह वर्षों में 30 हजार कर्मचारी रिटायर हो चुके हैं।दो लाख से अधिक पद समाप्त कर दिए गए।
उन्होंने कहा कि 2019 की उत्पाद सिपाही भर्ती की दौड़ में गर्मी से 19 अभ्यर्थियों की मौत हो गई, लेकिन सरकार आज तक जवाब नहीं दे रही।



6. शिक्षा और औद्योगिक पार्क — “जमीन पर कुछ नहीं”



मरांडी ने पूछा कि कितने प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खुले? कितने जिलों में मेडिकल–इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी बनी?
500 एकड़ का औद्योगिक पार्क किस जिले में स्थापित हुआ?



7. किसानों को 3200 रु MSP — “साफ झूठ”


2300 रुपये MSP में 100 रुपये का बोनस जोड़कर सिर्फ 2400 रुपये घोषित किए गए।
लक्ष्य से आधा धान भी नहीं खरीदा गया। कई किसानों का भुगतान आज तक लंबित है।




“घोटालों की खड़ी की श्रृंखला”— भाजपा




भाजपा ने आरोप लगाया कि सरकार ने सातों गारंटियों पर असफल रहने के साथ–साथ घोटालों की लंबी श्रृंखला खड़ी की। उन्होंने शराब घोटाला, JSSC–CGL परीक्षा घोटाला, DMFT फंड घोटाला, मैनपावर सप्लाई, गृह विभाग की खरीद, स्पोर्ट्स किट, भवन निर्माण, सरकारी टेंडर, फर्जी डिग्री–जन्म प्रमाणपत्र, आपदा मोचन निधि और स्वास्थ्य विभाग में तुष्टीकरण का उल्लेख किया।





“अबुआ सरकार में आदिवासी सबसे अधिक प्रताड़ित”— भाजपा




उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में आदिवासी युवतियों से दुष्कर्म की घटनाएँ बढ़ी हैं और दुमका से चाईबासा तक आदिवासी समाज प्रताड़ित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य की डेमोग्राफी रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों से बदल रही है और सरकार उनका संरक्षण कर रही है।




सत्ता पक्ष के विधायकों द्वारा सदन में SIR का विरोध करते हुए बेल में घुसने की घटना पर भी हमला बोला।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के मंत्री BLO को धमकी देने की भाषा बोल रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post