Celebrating the Real Spirit of Real India

धनबाद यात्रा के दौरान बोकारो में दुर्घटना — काॅ. बृंदा करात सुरक्षित, पार्टी राज्य केंद्र ने स्पष्ट की स्थिति



राँची::आज धनबाद में काॅमरेड संतोष कुमार घोष की स्मृति में आयोजित सभा में भाग लेने के लिए राँची से धनबाद जाते समय, बोकारो जिले के बिरसा बासा चौक (कोरोना बाजार) के पास हाइवे पर पूर्वाह्न लगभग 10:30 बजे एक हाइवा ट्रक ने पीछे से हमारे वाहन को टक्कर मार दी।


इस वाहन में सीपीआई(एम) की वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद काॅ. बृंदा करात, पार्टी के राज्य सचिव प्रकाश विप्लव तथा राज्य कमिटी सदस्य अमल आज़ाद सवार थे। इस दुर्घटना में काॅ. बृंदा करात के सिर में हल्की चोट आई, परंतु वे पूरी तरह सामान्य हैं।


दुर्घटना की गंभीरता का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि वाहन को काफ़ी नुकसान पहुँचा है। घटना की जानकारी मिलते ही बोकारो के काॅ. राजकुमार गोराई सहित कई साथी तुरंत घटनास्थल पर पहुँच गए। स्थानीय पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हाइवा वाहन को जब्त कर लिया।


दुर्घटना के बाद सभी साथी नियोजित कार्यक्रम में भाग लेने धनबाद रवाना हो गए। कार्यक्रम संपन्न होने के पश्चात राँची लौटते समय बोकारो के सेक्टर–12 स्थित थाना में इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।


पार्टी राज्य केंद्र ने यह जानकारी इसलिए सार्वजनिक की है ताकि इस घटना को लेकर फैल रही तरह–तरह की चर्चाओं और अफ़वाहों पर विराम लगाया जा सके। सभी साथी पूरी तरह सुरक्षित हैं और कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।


भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), राज्य केंद्र द्वारा जारी

Post a Comment

Previous Post Next Post