राँची :: प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, राँची में आज आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में ‘वोट चोर – गद्दी छोड़’ अभियान के तहत झारखंड प्रदेश कांग्रेस द्वारा एकत्रित हस्ताक्षरित प्रति को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय, इंदिरा भवन के लिए रवाना किया गया। इस अभियान के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार और लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी श्री के. राजू, प्रदेश सह-प्रभारी डॉ. श्रीबेला प्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष श्री केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता श्री प्रदीप यादव, उपनेता श्री राजेश कच्छप, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्री बंधु तिर्की और श्री शहजादा अनवर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बालमुचू, कांके विधायक श्री सुरेश बैठा, रामगढ़ विधायक श्रीमती ममता देवी, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री सुबोधकांत सहाय, धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष श्री जयशंकर पाठक, मीडिया सेल के चेयरमैन श्री सतीश पॉल मुंजनी, सोशल मीडिया के चेयरमैन श्री गजेंद्र सिंह, डॉ. एम. तौसीफ, श्री विजय खां, श्री सुरेंद्र सिंह, श्री रियाजुल अंसारी, डॉ. कुमार राजा, श्री लाल किशोर नाथ शाहदेव, श्री आलोक दुबे सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेसजन उपस्थित थे।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी श्री के. राजू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और भाजपा सरकार के ‘वोट चोर’ रवैये के खिलाफ देशभर में जनजागरण अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि जनता अब सचेत हो चुकी है और 2024 में हुए जनादेश की चोरी का जवाब आगामी चुनावों में देगी।
प्रदेश अध्यक्ष श्री केशव महतो कमलेश ने कहा कि झारखंड कांग्रेस का यह अभियान प्रदेश के हर जिले तक पहुँचा है, जहाँ हजारों कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने हस्ताक्षर कर केंद्र की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि यह हस्ताक्षरित प्रति लोकतंत्र बचाने की दिशा में झारखंड की जनता की भावनाओं का प्रतीक है।
विधायक दल के नेता श्री प्रदीप यादव ने कहा कि भाजपा ने जनता के विश्वास को तोड़ा है और अब जनता ही उन्हें सत्ता से बाहर करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश की जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़कों से संसद तक संघर्षरत रहेगी।
अंत में, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्री बंधु तिर्की ने कहा कि झारखंड के कोने-कोने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोश यह संदेश देता है कि अब जनता चुप नहीं रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यालय में जोशपूर्ण माहौल रहा और कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर – गद्दी छोड़’, ‘लोकतंत्र बचाओ – देश बचाओ’ जैसे नारे लगाए।
Post a Comment