राँची (बोकारो): कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बोकारो जिला के गोमिया प्रखंड स्थित ललपनिया में आयोजित तीन दिवसीय लुगूबुरु घांटाबाड़ी धोरोम गाढ़ राजकीय महोत्सव-2025 का आज भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने पुनाय थान पहुंचकर पारंपरिक विधि-विधान से लुगूबुरु बाबा की पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना की। उन्होंने कहा कि यह पर्व झारखंड की जनजातीय संस्कृति, परंपरा और सामूहिक आस्था का प्रतीक है, जो राज्य की पहचान को सशक्त बनाता है।
मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा के आदर्श और बलिदान से प्रेरणा लेकर झारखंड अपने विकास और आत्मगौरव के पथ पर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय संस्कृति और परंपरा के संरक्षण-संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि लुगूबुरु महोत्सव जैसी परंपराएँ हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं।
महोत्सव स्थल पर हजारों श्रद्धालु और पर्यटक उपस्थित थे। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की ध्वनि, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा क्षेत्र श्रद्धा और उत्सव के माहौल में डूबा रहा।
समापन समारोह में राज्य सरकार के मंत्रीगण, विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
إرسال تعليق