Celebrating the Real Spirit of Real India

झारखंड हमेशा अपने शहीदों का ऋणी रहेगा: हेमंत सोरेन

 


राँची: मुख्यमंत्री झारखंड, श्री हेमंत सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में पलामू जिला बल के शहीद आरक्षी सुनील कुमार राम और संतन कुमार मेहता के परिजनों ने मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहीदो के परिजनों को सम्मान राशि के रूप में स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया, पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत एक करोड़ 10 लाख रुपए का चेक सौंपा। यह राशि शहीद दोनों आरक्षियों के बैंक खातों में क्रमशः जमा कर दी गई। मौके पर वित्त मंत्री श्री राधा कृष्ण किशोर भी उपस्थित थे।


मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने शहीदों के परिजनों से सहानुभूति और आत्मीयता के साथ बातचीत की और उनकी पारिवारिक स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने शहीद परिजनों के दर्द को साझा किया और उनके मनोबल को बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने दोनों शहीदों के माता-पिता, पत्नी, बच्चे, भाई और अन्य परिजनों से बातचीत करते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आरक्षी सुनील कुमार राम और संतन कुमार मेहता ने राज्यवासियों की सेवा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया, और उनकी शहादत को झारखंड हमेशा याद रखेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार और स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के अधिकारियों के बेहतर समन्वय से यह सम्मान राशि प्रदान की जा रही है। उन्होंने शहीद परिवार को यह सुझाव भी दिया कि वे इस राशि का सदुपयोग कर अपने बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए उन्हें सकारात्मक दिशा दें।


शहीद के बच्चों को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहीद जवानों के बच्चों के लिए रांची में एक आवासीय विद्यालय बनाएगी। यह विद्यालय निजी स्कूलों के समान स्तर का होगा और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेगा। विद्यालय निर्माण के लिए झारखंड जगुआर में चार एकड़ भूमि चिन्हित की गई है। यह विद्यालय पुलिस विभाग द्वारा संचालित किया जाएगा।साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पुलिस कर्मियों के लिए एक अस्पताल बनाने पर भी विचार कर रही है, जिससे पुलिस परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की जा सकें।


हिम्मत और धैर्य के साथ आगे बढ़ते रहें


मुख्यमंत्री ने शहीद परिवार से कहा कि सरकार का प्रयास है कि उनके मनोबल को बढ़ाया जाए। उन्होंने परिवार से अपील की कि वे बच्चों को अच्छी शिक्षा दें और हिम्मत और धैर्य के साथ अपने परिवार को मजबूत बनाएं। आवश्यकता पड़ने पर वे पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करने में संकोच न करें।


मौके पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहीद परिवार को मिलने वाले सभी लाभ शीघ्र प्रदान किए जाएं। अधिकारियों ने बताया कि दोनों शहीदों की पत्नियाँ स्नातक हैं और पुलिस विभाग के नियम के अनुसार उन्हें क्लर्क की नौकरी दी जाएगी। इसके साथ ही राज्य सरकार और स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के समझौते के तहत दोनों परिवारों को 1 करोड़ 10 लाख रुपए की वित्तीय सहायता दी गई है। पुलिस विभाग द्वारा उग्रवादी कांड में शहीद हुए कर्मियों के लिए निर्धारित राशि सहित अनुमानित कुल राशि 2 करोड़ रुपए दोनों परिवारों को उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परिजनों को पेंशन सहित अन्य सेवागत लाभ भी प्रदान किए जाएं।



मौके पर उपस्थित प्रमुख अधिकारी:
वित्त मंत्री श्री राधा कृष्ण किशोर, डीजीपी श्री अनुराग गुप्ता, पलामू एसपी श्रीमती रिष्मा रमेशन, उप महाप्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक रांची अंचल श्री मनोज कुमार, एजीएम श्रीमती रीना कुमारी, मुख्य प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक श्री विकास कुमार पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी।

Post a Comment

Previous Post Next Post