Celebrating the Real Spirit of Real India

म्यूटेशन में लापरवाही पर सीओ रातू को शोकॉज, कई मामलों की जांच के आदेश


रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जनता दरबार में फरियादियों की शिकायतों पर दिखाई सख्ती, त्वरित समाधान के दिए निर्देश


राँची:: पर्व-त्योहारों के बाद आयोजित जनता दरबार में जहाँ फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी, वहीं उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री पदाधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही पर सख्त नजर आए। उन्होंने अंचल अधिकारियों से लेकर कई कर्मचारियों को शोकॉज करने का निर्देश दिया और कई मामलों में जांच के आदेश भी जारी किए।


आम जनता की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से आयोजित इस जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं अंचलों से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतों के समाधान के लिए पहुँचे।



कैंसर पीड़ित को मिला त्वरित राहत का आश्वासन



जनता दरबार में सुजाता सेन ने बताया कि उनके कैंसर पीड़ित पति राधानाथ मालाकार का इलाज अब आयुष्मान कार्ड से संभव नहीं बताया जा रहा है। उपायुक्त श्री भजन्त्री ने तुरंत सिविल सर्जन से बात कर मुख्यमंत्री गंभीर असाध्य रोग योजना के तहत इलाज की प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया। दस्तावेज़ी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए शहर अंचल अधिकारी को भी आवश्यक निर्देश दिए गए।



एलआरडीसी कोर्ट के आदेश के बावजूद म्यूटेशन लंबित — सीओ रातू को शोकॉज



फरियादी संजय गुप्ता ने बताया कि उपसमाहर्त्ता भूमि सुधार, सदर न्यायालय के 20 दिसंबर 2024 के आदेश के बावजूद उनका म्यूटेशन नहीं किया गया। दस्तावेजों के अवलोकन के बाद उपायुक्त श्री भजन्त्री ने रातू अंचल अधिकारी श्री रवि कुमार को शोकॉज करने का निर्देश दिया।


कांके अंचल का मामला — अपर समाहर्त्ता को जांच का निर्देश


कांके अंचल के सतीनाथ महतो ने बताया कि उनकी खरीदी गई 31 डिसिमल जमीन के दाखिल-खारिज के लिए 21 मई 2025 को आवेदन दिया गया था, जिसे 31 अक्तूबर 2025 को अस्वीकृत कर दिया गया। उपायुक्त ने इस मामले में अपर समाहर्त्ता को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।


आवेदक को परेशान करनेवाले कर्मचारी पर कार्रवाई


अनगड़ा अंचल के मनेश महतो ने शिकायत की कि दाखिल-खारिज के आवेदन पर अंचल के एक कर्मचारी द्वारा उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। उपायुक्त ने इस पर गंभीरता दिखाते हुए संबंधित कर्मचारी को शोकॉज करने का आदेश दिया।


एक डीड पर दो जमाबंदी — जांच के आदेश


ईटकी अंचल के हल्का-3, बारीडीह मौजा में एक ही डीड पर दो जमाबंदी किए जाने के मामले में उपायुक्त श्री भजन्त्री ने सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी (एएसओ) को जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।


ऑनलाइन माध्यम से जुड़े अंचल अधिकारी


राजस्व मामलों के शीघ्र निपटारे हेतु उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को ऑनलाइन माध्यम से जनता दरबार से जोड़ा, ताकि भूमि विवाद, नामांतरण, म्यूटेशन, जमाबंदी सुधार आदि मामलों की रीयल-टाइम जानकारी प्राप्त कर तुरंत समाधान किया जा सके।


उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध निष्पादन एवं रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।


जनता दरबार में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, भूमि विवाद, आवास, परिसंपत्ति हस्तांतरण, मनरेगा भुगतान और प्रमाणपत्र निर्गमन से संबंधित कई मामलों की सुनवाई हुई। उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Post a Comment

أحدث أقدم