Celebrating the Real Spirit of Real India

“बेटियां बोझ नहीं, वरदान हैं; दूसरी बेटियों के लिए प्रेरणा बनो” : डीसी अजय नाथ झा ने राज्य टॉपर छोटी कुमारी से कहा

 



व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर डीसी ने राज्य टॉपर छोटी कुमारी को दी बधाई, कहा — “तुमने जिले का नाम रोशन किया है”


बोकारो : इंटरमीडिएट (आर्ट्स) परीक्षा में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर बोकारो की छात्रा छोटी कुमारी ने जिले को गौरवान्वित किया है। कसमार प्रखंड स्थित प्लस टू हाई स्कूल हरनाद की छात्रा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से जिले में खुशी और उत्साह का माहौल है।


बुधवार को उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने व्हाट्सएप वीडियो कॉल के माध्यम से छोटी कुमारी को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने कहा, “तुमने जिले का नाम रोशन किया है, तुम्हें बहुत आगे जाना है। बेटियां बोझ नहीं, बल्कि वरदान हैं। दूसरी बेटियों के लिए प्रेरणा बनो।”


उपायुक्त ने कहा कि छोटी कुमारी की सफलता उसके कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिले की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। डीसी ने कहा कि आज का दिन छोटी कुमारी के परिवार और पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण है।


उन्होंने छात्रा को “बोकारो की प्राउड बेटी” बताते हुए कहा कि सफलता के लिए कड़ी मेहनत ही एकमात्र रास्ता है, इसका कोई शॉर्टकट नहीं होता।


छोटी कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों एवं नियमित अध्ययन को दिया। उसने कहा कि वह आगे उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज के विकास में सकारात्मक योगदान देना चाहती है।


उधर, उपायुक्त ने आर्ट्स, साइंस एवं कॉमर्स संकाय के जिला टॉप-10 में शामिल सभी छात्र-छात्राओं को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी विद्यार्थी आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले एवं राज्य का नाम रोशन करेंगे।


वहीं, उपायुक्त के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री जगरनाथ लोहारा छोटी कुमारी के घर पहुंचे और उसे पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post