Celebrating the Real Spirit of Real India

शिक्षा विभाग के प्रयास से झारखंड में आयोजित होगा अंतरराष्ट्रीय स्कूली वॉलीबॉल कैंप – सोमदत्तनाथ दीक्षित


रांची :: झारखंड में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के प्रयासों से खेल के क्षेत्र में लगातार नई ऊँचाइयाँ हासिल हो रही हैं। विभाग के इसी पहल का परिणाम है कि अब झारखंड में अंतरराष्ट्रीय स्कूली वॉलीबॉल राष्ट्रीय कैंप का आयोजन होने जा रहा है। यह जानकारी स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रशासनिक पदाधिकारी सोमदत्तनाथ दीक्षित ने मंगलवार को राज्य स्तरीय स्कूली शतरंज प्रतियोगिता के समापन समारोह के दौरान दी।

यह प्रतियोगिता झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की गई, जिसमें राज्यभर से 350 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की भागीदारी इस प्रतियोगिता की विशेषता रही।

मुख्य अतिथि सोमदत्तनाथ दीक्षित ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा विभाग के निरंतर प्रयासों से झारखंड में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल गतिविधियाँ आयोजित हो रही हैं। उन्होंने कहा, “राज्य में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। विभाग के सहयोग से अब अंतरराष्ट्रीय खेलों के पूर्व राष्ट्रीय वॉलीबॉल कैंप झारखंड में आयोजित होना गर्व की बात है।”

इस अवसर पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि विभाग का लक्ष्य झारखंड के हर खेल की नींव को मजबूत करना है ताकि बच्चों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर मिल सकें। उन्होंने बताया कि राज्य के विद्यालयों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएँ चलाई जा रही हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सोमदत्तनाथ दीक्षित, ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन के संयुक्त सचिव दीपक कुमार और सिंगहोम मुर्मू का स्वागत पुष्पगुच्छ, पौधा, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर किया गया।

प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम:

अंडर 14 बालक: 1. आरव राज मेहता, 2. ऋषभ कुमार, 3. श्रेयांश राज

अंडर 17 बालक: 1. कृष्ण कुमार साव, 2. आयुष कुमार नाग, 3. अभिनव सिंह

अंडर 19 बालक: 1. शुभ अनुभव कुजूर, 2. सूरज कुमार, 3. कुमार वत्सल

अंडर 14 बालिका: 1. अदिति, 2. समृद्धि प्रिया, 3. आयुषी प्रसाद

अंडर 17 बालिका: 1. सौम्या प्रभा सोय, 2. रितिका शर्मा, 3. निधि कुमारी

अंडर 19 बालिका: 1. कीर्ति कुमारी, 2. साक्षी कुमारी, 3. स्वामी यादव

रांची जिला ने बालक वर्ग के सभी तीनों समूहों में चैंपियनशिप का खिताब जीता, जबकि बालिका वर्ग में अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग में वेस्ट सिंहभूम तथा अंडर-19 वर्ग में ईस्ट सिंहभूम विजेता रहे। विजेता टीमों और खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

धीरसेन ए. सोरेंग ने जानकारी दी कि बुधवार से खेलगांव स्थित टाना भगत स्टेडियम में राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा, जिसमें 24 जिलों से 1728 खिलाड़ी और 150 कोच/मैनेजर भाग लेंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासनिक पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेंदु तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग और राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने सभी विजेताओं को बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

Post a Comment

أحدث أقدم